भोपाल, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भोपाल दुग्ध संघ परिसर में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ (एमपीसीडीएफ) के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवाणी, एनडीडीबी के महाप्रबंधक जयदेव बिस्वास, भोपाल दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रितेश जोशी सहित संघ के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग प्रशिक्षक डॉ. विनीता सिसोदिया के मार्गदर्शन में आयोजित लगभग एक घंटे के सत्र में प्रतिभागियों ने शरीर के विभिन्न अंगों को स्वस्थ एवं सक्रिय रखने वाले योगासनों का अभ्यास किया। सत्र के दौरान पैरों, हाथों, गर्दन, हृदय तथा आंखों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी योग क्रियाएं एवं आसनों का प्रदर्शन कराया गया।
इस अवसर पर एमपीसीडीएफ के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवाणी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।




