पुष्य नक्षत्र पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने दिखाई रुचि
भोपाल। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के आयुष विभाग में पुष्य नक्षत्र के अवसर पर स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 119 बच्चों ने सहभागिता की।

आयुष विभाग की आयुर्वेद ओपीडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 1 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। इनमें 71 बच्चे पूर्व से पंजीकृत थे, जबकि 48 नए बच्चों का पंजीकरण किया गया।
इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. रंजना पांडे ने अभिभावकों को स्वर्ण प्राशन के महत्व एवं इसके संभावित लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य संवर्धन उपायों के प्रति जागरूक किया।
एम्स भोपाल के अनुसार, स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2022 में की गई थी। तब से प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र के अवसर पर यह कार्यक्रम नियमित रूप से निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देना तथा आयुर्वेदिक पद्धति के माध्यम से उनके स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बच्चों के स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।