बीएमएचआरसी में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
भोपाल, 1 जुलाई 2026। आईसीएमआर-भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान संस्थान के डॉक्टरों ने नृत्य, गीत और कविता पाठ प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग यादव सहित संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक और रेजिडेंट डॉक्टर मौजूद रहे।
डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि मरीज की देखभाल किसी भी चिकित्सक की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर मरीज को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिले, यह सुनिश्चित करना जरूरी है। इलाज की गुणवत्ता, मरीजों के प्रति व्यवहार और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशीलता पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने चिकित्सकों से अनुसंधान गतिविधियों में भागीदारी की अपील की और कहा कि शोध में रुचि रखने वाले डॉक्टरों के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। बीएमएचआरसी और आईसीएमआर के अन्य संस्थानों के सहयोग से चिकित्सक शोध कार्य कर सकते हैं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिलने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि बीएमएचआरसी में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अनुसंधान को भी महत्व दिया जा रहा है।
रेजिडेंट डॉक्टरों को संबोधित करते हुए डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि हर युवा चिकित्सक अपने ज्ञान, समर्पण और परिश्रम से स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव ला सकता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी बीएमएचआरसी में रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में करियर की शुरुआत की थी।
कार्यक्रम में चिकित्सकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन का मकसद चिकित्सकों के योगदान को सम्मान देना और उनके बीच सहयोग को बढ़ावा देना था।



